दक्षिण 24 परगना के विभिन्न क्षेत्रों में धूमधाम से निकली रथयात्रा

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रथ यात्रा के अवसर पर गरिया बाजार स्थित  मंदिर में भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की गई
रथ यात्रा के अवसर पर गरिया बाजार स्थित मंदिर में भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की गई
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से निकाली गई। जिले के नरेंद्रपुर स्थित शीतला मंदिर, गंगाजवारा, राधगोविंद मंदिर कमेटी, सबुज कमेटी, सृजन कमेटी, महेशतला के पालबाड़ी, बजबज, महेशतला स्थित श्री गौड़ीय मठ-श्री चैतन्य वेदांत मिशन तथा बारुईपुर के ऐतिहासिक रायचौधरी परिवार की ओर से भव्य रथयात्रा का आयोजन किया गया। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान जगन्नाथ, बलराम और देवी सुभद्रा के सुसज्जित रथों के दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे और श्रद्धापूर्वक रथ की रस्सी खींचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग पर 'जय जगन्नाथ' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बन गया। रथयात्रा के अवसर पर विभिन्न समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। कई स्थानों पर पारंपरिक मेलों का भी आयोजन हुआ।

रायचौधरी परिवार की लगभग 350 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रथयात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही

इस बीच, बारुईपुर स्थित रायचौधरी परिवार की लगभग 350 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रथयात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रायचौधरी परिवार के परिसर और ऐतिहासिक रास मैदान में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मान्यता है कि जमींदार राजबल्लभ रायचौधरी को स्वप्नादेश मिलने के बाद उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की प्रतिमाएं स्थापित कर इस रथयात्रा की शुरुआत की थी। विशेष पूजा, आरती और भोग के बाद सुसज्जित रथ निकाला गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशासन की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से जिलेभर में रथयात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in