

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले में दूसरे चरण के तहत 31 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) अभिषेक कुमार तिवारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि सभी बूथों का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। इस मौके पर केंद्रीय बलों के अधिकारी भी मौजूद थे। आम लोगों के बीच चुनाव को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है, ताकि मतदाता अपने-अपने क्षेत्रों में भयमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कर सकें। डीईओ ने कहा कि प्रत्येक बूथ को संवेदनशील मानते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हर बूथ पर पर्याप्त संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा। वृद्ध मतदाताओं के लिए घर बैठे मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के मन से भय और आशंका दूर करने के लिए केंद्रीय बलों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न मोहल्लों, वार्डों और गांवों में गश्त की जा रही है। साथ ही, आम लोगों की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। इस बैठक में डायमंड हार्बर, बारुईपुर और सुंदरबन पुलिस जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी, कोलकाता पुलिस के नियंत्रण वाले क्षेत्रों के अधिकारी तथा केंद्रीय बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। विशेष रूप से भांगड़ और कैनिंग क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। भांगड़ में 12 कंपनियां तथा कैनिंग पूर्व में 7 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनात की गई हैं। इसके अलावा कसबा, टालीगंज, बालीगंज, बेहला पूर्व-पश्चिम और जादवपुर समेत अन्य क्षेत्रों में भी पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की जा रही है। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराना है।