दक्षिण 24 परगना में छिटपुट घटनाओं के बीच चुनाव सम्पन्न

बजबज के तृणमूल उम्मीदवार अशोक देव विभिन्न बूथों का दौरा करते हुए
बजबज के तृणमूल उम्मीदवार अशोक देव विभिन्न बूथों का दौरा करते हुए
Published on


राम बालक दास, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना: जिले के 31 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया अधिकांशतः शांतिपूर्ण रही, हालांकि कई स्थानों पर छिटपुट घटनाओं की खबरें सामने आईं। भांगड़ विधानसभा क्षेत्र के बाईसाहट इलाके में मतदान के दौरान आईएसएफ उम्मीदवार को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आईएसएफ समर्थकों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। बासंती विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार के काफिले को निशाना बनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इस घटना में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आईं। भाजपा उम्मीदवार ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठाए। सतगाछिया क्षेत्र में लाठीचार्ज के दौरान एक बच्ची के घायल होने की खबर सामने आई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। इसके अलावा, कई मतदान केंद्रों पर धीमी गति से मतदान होने की शिकायतें भी मिलीं। काकद्वीप के 142 नंबर बूथ पर धीमी वोटिंग दर्ज की गई, जबकि पाथर प्रतिमा क्षेत्र में ईवीएम मशीन में खराबी के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ।

केंद्रीय बल के जवान बुजुर्ग महिला को मतदान केंद्र ले जाते हुए
केंद्रीय बल के जवान बुजुर्ग महिला को मतदान केंद्र ले जाते हुए केंद्रीय बल के जवान बुजुर्ग महिला को मतदान केंद्र ले जाते हुए

शांतिपूर्ण मतदान के बीच छिटपुट विवाद और EVM को लेकर आरोप

वहीं, बजबज विधानसभा क्षेत्र के मैन्युअल गर्ल्स हाई स्कूल, बजबज कॉलेज और जनता विद्यालय में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। कैनिंग पूर्व में आईएसएफ उम्मीदवार के बूथ एजेंट को प्रवेश न दिए जाने पर विवाद उत्पन्न हुआ। भांगड़ में कुछ महिलाओं के घायल होने की भी सूचना है, जबकि जीवनतला में भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट की घटना सामने आई। फलता विधानसभा के कई केंद्रों पर ईवीएम मशीनों में ब्लैक टेप लगाए जाने के आरोप लगे हैं।

बजबज के जनता विद्या मंदिर के बाहर मतदान के लिए कतार में खड़े वोटर्स की तस्वीर
बजबज के जनता विद्या मंदिर के बाहर मतदान के लिए कतार में खड़े वोटर्स की तस्वीर

जिले में शांतिपूर्ण मतदान, शिकायतों पर आयोग की नजर

इस विषय पर चुनाव आयोग ने कहा कि आरोप प्रमाणित होने पर पुनर्मतदान (री-पोलिंग) कराया जाएगा। इस बीच, बजबज के विधायक और तृणमूल उम्मीदवार अशोक देव ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। कुल मिलाकर जिले में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ, हालांकि कुछ स्थानों पर तनावपूर्ण स्थितियां भी देखी गईं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in