नौकरी का लालच देकर नाबालिगों से कराते थे देह व्यापार, 6 गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस के एएचटीयू विभाग ने 9 किशोरियों का उद्धार किया
सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार अभियुक्त
सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार अभियुक्तसेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार अभियुक्त
Published on

कोलकाता : महानगर में नाबालिग किशोरियों से देह व्यवसाय कराने वाले गिरोह का कोलकाता पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। घटना बड़तल्ला थाना क्षेत्र के गोलू उस्तागर लेन स्थित एक मकान की है। कोलकाता पुलिस के एएचटीयू विभाग के अधिकारियों ने छापामारी के दौरान 9 नाबालिग किशोरियों सहित 11 लड़कियों को मुक्त कराया है। इस मामले में एक दंपति सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में अमित बंद्योपाध्याय और उनकी पत्नी सरस्वती बंद्योपाध्याय शामिल हैं। इसके अलावा सुमन हलदर, पूजा मिस्त्री, दीप चट्टोपाध्याय और आकाश चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है। सुमन दक्षिण 24 परगना के ढोलाहाट का निवासी है, जबकि पूजा दमदम कैंटोन्मेंट में रहती है। आकाश और दीप का घर श्यामनगर में है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लालबाजार के डीडी के एएचटीयू विभाग के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़तल्ला थाना के गोलू उस्तागर लेन स्थित मकान में भारी संख्या में किशोरियों को मानव तस्करी कर बंधक बनाकर रखा गया है। उन किशोरियों से जबरन देह व्यवसाय कराया जा रहा है। आरोप है कि अभियुक्त दलालों की मदद से नौकरी का लालच देकर नाबालिग और युवतियों से संपर्क करते थे और फिर उन्हें देह व्यापार में धकेलते थे। उक्त सूचना के आधार पर बुधवार की रात पुलिस की टीम ने छापामारी कर एक दंपति सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में महिला तस्करी कोई नयी बात नहीं है। ग्रामीण और गरीब इलाकों से किशोरियों को नौकरी का झांसा देकर तस्करी करना आम हो गया है। कई बार ये लड़कियां दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों के देह व्यापार केंद्रों में भेजी जाती हैं। हालांकि, इस बार कोलकाता पुलिस की तत्परता से 9 नाबालिगों को बचा लिया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और नाबालिगों को कहां भेजने की योजना थी, इसकी जानकारी मिल सके।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in