चोरों को देख स्ट्रीट डॉग ने मचाया शोर, तो चोरों ने कुत्ते को उतारा मौत के घाट

चोरों को देख स्ट्रीट डॉग ने मचाया शोर, तो चोरों ने कुत्ते को उतारा मौत के घाट
Published on: 

कोलकाता : महानगर में एक परिवार अपने मुहल्ले के स्ट्रीट डॉग को दिन में तीन बार भोजन देता था। घर के सामने ही उसे आश्रय भी दिया था। परिवार के सदस्य के तौर पर उक्त बेजुबान जानवर को जगह दी गयी थी। उक्त परिवार के इस प्रेम का कर्ज स्ट्रीट डॉग ने अपनी जान देकर चुकायी है। आरोप है कि खाली घर में लूटपाट करने में बाधा देने पर चोरों ने उक्त स्ट्रीट डॉग को पीट-पीट कर मार डाला। इसके बाद घर के ताले को तोड़कर अंदर घुसे और लाखों के स्वर्ण आभूषण, लैपटॉप एवं मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गये। आरोप है कि चोरी के दौरान अभियुक्त ने घर के फ्रिज से जूस निकालकर भी पीया था। घटना शनिवार की देर रात न्यू अलीपुर थानांतर्गत साहापुर कॉलोनी में घटी है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार न्यू अलीपुर के साहापुर कॉलोनी में रहनेवाले रोहन मंडल ने कुछ महीने पहले स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। वह अपनी मां के साथ तीन मंजिला मकान के पहले तल्ले पर रहता है। उनके घर के सामने ही एक कुत्ता भी रहता था। उसे दिन में तीन बार परिवार की तरफ से भोजन दिया जाता था। घर के सामने उसे रहने को देते थे। एक परिवार की सदस्य की तरह रोहन और उसकी मां उक्त स्ट्रीट डॉग को मानते थे। शनिवार को रोहन और उसकी मां रानाघाट स्थित एक रिश्तेदार के घर गए थे। घर को खाली पाकर देर रात चोरों ने वहां धावा बोल दिया। पुलिस का अनुमान है कि अज्ञात लोगों को घर में घुसते देखकर वहां मौजूद कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया। इसके बाद ही चोरों ने उसपर हमला कर उसे मार डाला। अनुमान है कि उसकी पीट-पीट कर हत्या की गयी है। इसके बाद घर के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर से लाखों के स्वर्ण आभूषण सहित अन्य सामान चुरा लिये गये। पड़ोसियों ने जब फोन कर रोहन को घटना की जानकारी दी तो वह घर लौट आया। घर पहुंचने पर रोहन ने देखा कि घर के बाहर उनका पालतू कुत्ता अचेत पड़ा है। उसके मंह से खून निकल रहा था। उसे देखकर लग रहा था कि पीट कर उसे मारा गया है। घटना की सूचना पाकर न्यू अलीपुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते कई दिनों से इलाके में चोरी की घटनाएं घट रही है। चोरों के निशाने पर खाली मकान है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in