

कंपनी प्रबंधन ने बैरकपुर पुलिस कमिश्नर को ईमेल भेजकर दर्ज कराई शिकायत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दमदम थाना अंतर्गत प्रमोदनगर स्थित वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में लगातार दूसरे दिन कर्मियों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि रविवार की सुबह दोबारा करीब 40 लोग प्लांट में पहुंचे और कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद सभी कर्मचारी जान बचाकर वहां से निकल गए। कंपनी प्रबंधन का आरोप है कि जब स्थानीय थाने में शिकायत करने की कोशिश की गई तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि शिकायत पत्र भी जमा नहीं लिया गया। बाद में कंपनी की ओर से दमदम थाना और बैरकपुर कमिश्नरेट को ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज कराई गई। ईस्टर्न ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर प्राइवेट लिमिटेड के एक अधिकारी का कहना है कि हमलावर खुद को स्थानीय विधायक का समर्थक बता रहे हैं और कंपनी के कर्मचारियों को धमकी दे रहे हैं। घटना के कारण रविवार को कारखाने का काम बंद रहा। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि लगातार मदद की अपील करने के बावजूद कोई उनकी मदद नहीं कर रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि शनिवार की शाम अचानक युवकों के एक दल ने प्रमोदनगर स्थित वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में हमला बोल दिया था। प्लांट के कर्मियों के साथ मारपीट की गई। इसके साथ ही एक कर्मी को बंधक बनाकर स्थानीय पार्टी कार्यालय में ले जाया गया। घटना के 24 घंटे बाद भी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।