‘लापता’ पार्षदों की तलाश में निगम मुख्यालय पहुंचे विधायक शारद्वत मुखोपाध्याय

विधायक ने कमिश्नर से की मुलाकात
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : विधाननगर नगर निगम में नागरिक सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बीच शुक्रवार को विधायक शारद्वत मुखोपाध्याय अचानक निगम मुख्यालय पहुंचे। उनका उद्देश्य ‘लापता’ पार्षदों, मेयर और डिप्टी मेयर से मुलाकात करना था लेकिन निगम भवन पहुंचने पर उन्हें न मेयर मिले, न डिप्टी मेयर और न ही चेयरमैन। इसके बाद विधायक ने निगम कमिश्नर से मुलाकात कर जनसमस्याओं को लेकर लिखित शिकायत सौंपी। मीडिया से बातचीत में विधायक ने निगम प्रशासन और पार्षदों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अधिकांश पार्षदों के फोन बंद आ रहे हैं और लोगों को उनसे संपर्क करने में भारी परेशानी हो रही है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक पार्षद का फोन बंद होना स्वाभाविक है, क्योंकि जेल के अंदर मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होती। विधायक ने कमिश्नर से कहा कि यदि इन ‘लापता’ जनप्रतिनिधियों का पता नहीं लगाया गया तो उन्हें पुलिस में मिसिंग डायरी दर्ज करानी पड़ेगी। विधायक ने आरोप लगाया कि पार्षदों की अनुपस्थिति और लापरवाही के कारण आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में नागरिक सेवाएं लगभग ठप हो चुकी हैं। लोग जब पार्षदों के घर जाते हैं तो वहां ताले लटके मिलते हैं। उन्होंने शहर की कई गंभीर समस्याओं को भी उठाया। विधायक के अनुसार सॉल्टलेक के बाजारों की हालत बेहद खराब है। वहां साफ-सफाई, पीने के पानी और अग्निशमन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसके अलावा बाजारों और फुटपाथों पर अवैध दुकानदारों का कब्जा बढ़ता जा रहा है और सड़कों पर अवैध पार्किंग खुलेआम हो रही है। सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति पर भी विधायक ने चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की सेवा के लिए बने वार्ड कार्यालय अब पार्टी कार्यालयों में बदल चुके हैं, जबकि कुछ स्थानों पर वहां स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। विधायक ने प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध कब्जों और दुकानों के पीछे ‘दादा’ और ‘दीदी’ का नाम लेकर वसूली की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे जल्द ही फिर से निगम मुख्यालय पहुंचेंगे और आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in