

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के बैंक खाते को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है। अब राज्य विधानसभा में ‘असली तृणमूल’ के नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के समर्थन वाले 10 विधायकों ने बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराकर पार्टी के खाते की जांच और उसे तत्काल फ्रीज करने की मांग की है।
विधायकों का आरोप है कि पार्टी के खाते में करोड़ों रुपये की कथित ‘कटमनी’ जमा हो सकती है। उनका कहना है कि खाते में जमा धन के स्रोत और उससे जुड़े लेन-देन की जांच आवश्यक है। इस संबंध में ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि कई विधायक शिकायत दर्ज करा चुके हैं और जांच के बिना यह पता नहीं चल सकेगा कि खाते में मौजूद धन कहां से आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाते से लगातार लेन-देन हो रहा है और इसी पैसे का उपयोग अनावश्यक कार्यों पर किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व मंत्री और तृणमूल के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने एचडीएफसी बैंक की सेंट्रल प्लाजा शाखा को पत्र लिखकर पार्टी के खाते को फ्रीज करने की मांग की थी। उन्होंने पार्टी में जारी टूट और नेतृत्व को लेकर असमंजस के बीच खाते के दुरुपयोग की आशंका जताई थी।
अब खाते को लेकर बैंक और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर है। इस मुद्दे पर तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जब ये सभी विधायक ममता बनर्जी के साथ खड़े थे, तब उन्हें यह चिंता क्यों नहीं हुई? यह रुख बेहद शर्मनाक और अवसरवादिता की पराकाष्ठा को दर्शाता है।