पोस्टर फाड़ने पर सियासी संग्राम, सोनारपुर-जयनगर में तनाव

सोनारपुर में पोस्टर फाड़ने की तस्वीर
सोनारपुर में पोस्टर फाड़ने की तस्वीर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राजपुर–सोनारपुर नगर पालिका क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगा है। आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगाया गया है। सोमवार रात रानिया मंडल पाड़ा इलाके में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में पोस्टर लगा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो बीजेपी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। बीजेपी का दावा है कि सोनारपुर उत्तर सीट के उम्मीदवार देबाशीष धर के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ता पोस्टर लगा रहे थे। उसी दौरान अचानक उन्हें घेर लिया गया। बीजेपी का आरोप है कि राजपुर–सोनारपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 35 के तृणमूल पार्षद के करीबी लोगों ने उन पर हमला किया। यह भी आरोप है कि बदमाशों ने चुनावी पोस्टर भी फाड़ दिए। घायल दो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नरेंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। स्थानीय पार्षद ने कहा कि इस घटना से तृणमूल का कोई संबंध नहीं है। सत्ताधारी दल का दावा है कि यह बीजेपी का आंतरिक विवाद या किसी व्यक्तिगत दुश्मनी का परिणाम हो सकता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, जयनगर में सीपीएम के पोस्टर फाड़ने का आरोप भी तृणमूल पर लगा है। सोमवार को जयनगर-1 ब्लॉक के उत्तर दुर्गापुर क्षेत्र के गाजीपाड़ा इलाके में प्रचार के लिए पहुंचे सीपीएम उम्मीदवार अपूर्व प्रमाणिक को पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि इलाके में उनके पोस्टर फाड़ दिए गए हैं। आरोप है कि पोस्टर फाड़ने के साथ दीवारों पर आपत्तिजनक बातें भी लिखी गई हैं। हालांकि, तृणमूल ने इन आरोपों से भी इनकार किया है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in