

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता पुलिस ने शहर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए दो सप्ताह का विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान 12 जुलाई से अगले दो सप्ताह तक पूरे महानगर में चलाया जाएगा। इस दौरान सभी पुलिस डिविजनों, थानों और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को संयुक्त रूप से व्यापक छापेमारी और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देश के अनुसार, सभी डिविजनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसी) अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व करेंगे। अभियान में संबंधित असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) तथा सभी थाना प्रभारी (ओसी) सक्रिय रूप से भाग लेंगे। वहीं, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट भी अपने-अपने डीसी के नेतृत्व में समानांतर अभियान चलाएगा। पुलिस मुख्यालय ने सभी डीसी को निर्देश दिया है कि वे फील्ड स्तर के अधिकारियों को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराएं, प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें तथा स्वयं इसकी निगरानी करें, ताकि अभियान के दौरान अधिकतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अभियान के दौरान दर्ज मामलों, गिरफ्तार आरोपियों तथा जब्त की गई अवैध शराब और मादक पदार्थों का ब्यौरा प्रतिदिन क्रिमिनल रिकॉर्ड सेक्शन (सीआरएस), डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को निर्धारित प्रारूप में भेजना होगा। सीआरएस इन सभी रिपोर्टों को संकलित कर प्रतिदिन वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करेगा, जिसके बाद रिपोर्ट पुलिस आयुक्त को भी भेजी जाएगी। निर्देश में यह भी कहा गया है कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में चल रहे अभियान की नियमित निगरानी करेंगे, ताकि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कोलकाता पुलिस का मानना है कि इस विशेष अभियान से शहर में अवैध शराब के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।