राष्ट्रहित और POCSO मामलों में कठोर कार्रवाई से पीछे न हटे पुलिस : मुख्यमंत्री

राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और आरजी कर जैसी घटनाओं में बिना किसी निर्देश की प्रतीक्षा किए त्वरित कार्रवाई का आह्वान
डीसी बेहला ईशानी पाल को सीएम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित करते मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
डीसी बेहला ईशानी पाल को सीएम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित करते मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
Published on

एसीबी को किया जाएगा और मजबूत

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : POCSO एक्ट से जुड़े मामलों, देश विरोधी गतिविधियों तथा आरजी कर जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस को किसी के निर्देश का इंतजार किए बिना नियम और राष्ट्रहित के अनुरूप तत्काल एवं कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। यह कहना है मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का। गुरुवार की शाम लालबाजार में आयोजित सीएम जीवन रक्षा पदक सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में उठाए गए सख्त कदमों पर सरकार और पुलिस मंत्री उनके साथ ढाल की तरह खड़े रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पुलिस अधिकारी नियमों और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए कठोर निर्णय लेते हैं, तो उन्हें किसी दबाव में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में निष्पक्षता, तत्परता और दृढ़ता के साथ कार्रवाई करने का आह्वान किया। इस मौके पर गृह राज्य मंत्री विशाल लामा, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता, कोलकाता नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडेय और कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद मौजूद रहे।

आपदा के समय एजेंसियां मिलकर करें काम

मुख्यमंत्री ने हाल के ढांचागत हादसों और आगजनी की घटनाओं में पुलिस तथा दमकल विभाग के त्वरित बचाव कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि तारातल्ला की घटना में सूचना मिलने के 15-20 मिनट के भीतर पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए करीब 20 लोगों की जान बचाई। इसके बाद एनडीआरएफ और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं। न्यू मार्केट अग्निकांड में दमकल मुख्यालय की टीम द्वारा 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालने का भी उन्होंने उल्लेख किया। तारापीठ से जुड़ी घटनाओं में भी 22 लोगों के सफल रेस्क्यू की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि आपदा प्राकृतिक हो या ढांचागत हादसा, संकट के समय राजनीति, धर्म और अहंकार से ऊपर उठकर केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

10 पुलिसकर्मियों को ‘जीवन रक्षा पदक’

तारातला हादसे के बचाव अभियान में उल्लेखनीय साहस और तत्परता दिखाने वाले 10 पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को ‘जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया गया। इनमें कोलकाता पुलिस के ज्वाइंट सीपी एपी वैभव तिवारी, डीसी बेहला ईशानी पाल, साउथ ट्रैफिक गार्ड के ओसी, तारातला थाना के ओसी शिलास टोप्पो सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। पुलिस की सिफारिश के आधार पर इन कर्मियों का चयन किया गया था।

पुलिस बल में 43 हजार पद भरे जाएंगे

मुख्यमंत्री ने पुलिस बल के आधुनिकीकरण और मानव संसाधन बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पुलिस में करीब 43,000 रिक्त पदों को भरने की बात कही गई। इसके अलावा 10,000 से 15,000 जवानों वाली विशेष इंडियन रिजर्व बटालियन गठित करने की योजना भी बताई गई। पुराने पुलिस वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा। शुरुआत में 1,000 वाहनों को बदलने की योजना है। प्रत्येक थाने को चार समर्पित वाहन उपलब्ध कराने के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। आपातकालीन सेवा 112 को भी मजबूत किया जाएगा ताकि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम कम किया जा सके। दुर्गा पूजा से पहले सिविल डिफेंस के तहत 200 जवानों की विशेष ‘अर्जुन वाहिनी’ शुरू करने की घोषणा की गई।

एसीबी की नई शाखाएं खुलेंगी

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले छह महीनों में आसनसोल और सिलीगुड़ी में एसीबी की नई शाखाएं खोलने की योजना है। मुख्यमंत्री ने पुलिस बल से कानून के शासन, जवाबदेही और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in