लापता 13 वर्षीय किशोरी और दिल्ली के 17 वर्षीय किशोर को पुलिस ने किया बरामद

GRP ने संयुक्त अभियान के दौरान बर्दवान से सुरक्षित किया बरामद
Kolkata
किशोरी और किशोर को पुलिस ने किया बरामद
Published on

कोलकाता : कई राज्यों में तलाश के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश से लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी और दिल्ली निवासी 17 वर्षीय किशोर को बर्दवान रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। दोनों को रेलवे पुलिस (GRP) ने एक संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षित खोज निकाला। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय कर की गई।

पुलिस के अनुसार, किशोरी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह पिछले महीने अपने घर से लापता हुई थी। उसके गायब होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की तो उसकी लोकेशन लगातार बदलती मिली।

जांच में सामने आया कि किशोरी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों से होकर यात्रा कर रही थी। ऐसे में उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

कारोबारी के बेटे ने किशोरी को प्रभावित किया

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी के साथ दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके का रहने वाला 17 वर्षीय किशोर भी था। पुलिस के मुताबिक, किशोर एक कारोबारी का बेटा है और उसने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर किशोरी को प्रभावित किया था। इसके बाद वह उसे अपने साथ यात्रा करने के लिए राजी करने में सफल रहा।

पुलिस ने बर्दवान स्टेशन पर दोनों को बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों को चाइल्डलाइन, पूर्व बर्दवान की संरक्षण व्यवस्था में भेज दिया गया।

गाजियाबाद पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू

किशोरी के बरामद होने की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस को दी गई। इसके बाद गाजियाबाद से एक पुलिस टीम बर्दवान के लिए रवाना हुई, ताकि किशोरी को संबंधित अधिकारियों की औपचारिक निगरानी में वापस ले जाया जा सके।

पुलिस की कार्रवाई में विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय और लगातार बदलती लोकेशन की निगरानी अहम रही। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in