कालीघाट झड़प मामले की जांच अब लालबाजार के डीडी के जिम्मे

तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर कराया गया घटनाक्रम का पुनर्निर्माण
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कालीघाट में शुक्रवार की रात हुए हंगामे और पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले की जांच अब लालबाजार करेगा। इस मामले की जांच का जिम्मा कोलकाता पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को सौंपा गया है। वहीं, मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। मंगलवार की सुबह पुलिस तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया।

दरअसल, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार रात कालीघाट इलाके में कई बार तनाव की स्थिति पैदा हुई थी। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और स्थानीय भाजपा समर्थकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और झड़प में बदल गई। इस दौरान ईंट-पत्थर फेंके जाने और दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की भी खबरें सामने आई थीं। आरोप है कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

इस घटना के संबंध में कालीघाट थाने में कुल चार मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें दो मामले पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किए थे। वहीं, गुड़िया हरी नामक एक महिला की शिकायत पर भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई। महिला ने अभिषेक बनर्जी समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत की थी। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी ने भी 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के आधार पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, आठ दिनों की पुलिस हिरासत

शुक्रवार रात की हिंसा के मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान मोहम्मद तौकीर आलम, मोहम्मद इरशाद और श्रीदीप दास के रूप में हुई है। कालीघाट तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि तीनों आरोपी उनके संगठन से जुड़े हैं। गिरफ्तार श्रीदीप को पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज किए गए मामले में पकड़ा है, जबकि गुड़िया हरी की शिकायत के आधार पर मोहम्मद तौकीर आलम और मोहम्मद इरशाद की गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, अभिषेक बनर्जी की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। रविवार को तीनों आरोपियों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में घटनाक्रम का पुनर्निर्माण

इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर ले जाया गया। वहां पुलिस ने उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और घटना का पुनर्निर्माण कराया। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात अभिषेक बनर्जी का जन्मदिन मनाने के लिए बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता कालीघाट में जुटे थे। इसी दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और तृणमूल समर्थकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी, धक्का-मुक्की और ईंट-पत्थर फेंकने की घटनाएं सामने आईं। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उनके कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News