कोलकाता में पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर नजर
Kolkata
पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर
Published on

कोलकाता : शहर में शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। ईंधन की कीमतें स्थिर रहने से फिलहाल आम लोगों के साथ-साथ परिवहन और कारोबार से जुड़े लोगों को भी राहत मिली है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हालांकि उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 93 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार कर रहा था। आपूर्ति में संभावित बाधा और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार पर दबाव बना हुआ है। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) की कीमतों में भी तेजी देखी गई।

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने के बावजूद इसका असर भारतीय पेट्रोल पंपों पर तुरंत दिखाई दे ऐसा जरूरी नहीं है। घरेलू ईंधन की कीमतें कच्चे तेल की लागत के अलावा केंद्र व राज्य कर, रिफाइनिंग लागत, परिवहन और वितरण खर्च तथा रुपये-डॉलर की विनिमय दर जैसे कई कारकों पर निर्भर करती हैं।

ईंधन की कीमतों का सीधा असर शहर की परिवहन व्यवस्था और माल ढुलाई पर पड़ता है। डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ सकती है, जबकि पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से निजी वाहन चालकों का मासिक खर्च बढ़ता है। फिलहाल कोलकाता में ईंधन की कीमतें स्थिर रहने से उपभोक्ताओं को कुछ समय के लिए राहत मिली है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in