

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण कोलकाता स्थित गड़िया क्षेत्र में शनिवार को संत श्री आशारामजी आश्रम में भक्ति और श्रद्धा के साथ ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं, बच्चों और युवाओं ने भाग लेकर अपने माता-पिता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं ने अपने माता-पिता को विधिवत आसन पर बैठाकर पुष्पमालाएं अर्पित कीं, तिलक लगाया तथा पूजा-अर्चना कर उनका सम्मान किया। पूरे परिसर में भावनात्मक और श्रद्धामय वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला बताया।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष कोलकाता में इस दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए लगभग एक माह पूर्व से व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया था। युवा सेवा संघ की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग लगाए गए तथा ऑटो-रिक्शा के माध्यम से भी जन-जागरण किया गया।
इसके अतिरिक्त, श्री योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में हावड़ा स्टेशन के एलईडी स्क्रीन पर ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ से संबंधित वीडियो का प्रसारण किया गया। आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य समाज में भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, पारिवारिक सम्मान और सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित करने वाला प्रयास बताया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इस दिवस को माता-पिता के सम्मान और सेवा के रूप में मनाएंगे।