

नेहा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पिछले दो महीनों में, कोलकाता फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन (FIR) में उड़ानों को निशाना बनाते हुए 100 से अधिक बार सिग्नल इंटरफेरेंस और जीपीएस स्पूफिंग की घटनाएं दर्ज की गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को सन्मार्ग को बताया कि प्रतिदिन दो से तीन उड़ानें इन हमलों से प्रभावित हुईं। इन हमलों के कारण ग्लोबल नैविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) के सिग्नल बाधित हो गए, जिससे पोज़िशनिंग, नैविगेशन और टाइमिंग (PNT) डेटा खो गया, और कई मामलों में विमान के नैविगेशन सिस्टम को गलत दिशा में मोड़ दिया गया।
उड़ानों पर 100 से अधिक साइबर हमले हुए हैं
एक अधिकारी के मुताबिक “पिछले दो महीनों में, कोलकाता FIR में उड़ानों पर 100 से अधिक साइबर हमले हुए हैं। उड़ानें या तो GNSS सिग्नल इंटरफेरेंस का सामना करती हैं, जिसके कारण PNT डेटा खो जाता है, या इससे भी खतरनाक GPS स्पूफिंग का सामना करती हैं। यह एक दुर्भावनापूर्ण तकनीक है जिसमें नकली GPS डेटा भेजकर विमान के GPS रिसीवर को उसकी वास्तविक स्थिति के बारे में गुमराह किया जाता है। इससे विमान का नैविगेशन सिस्टम गलत दिशा पकड़ सकता है। यदि इसे रोका न गया, तो यह दुर्घटना का कारण भी बन सकता है।”
मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू ने राज्यसभा में यह कहा
यह खुलासा उस एक दिन बाद हुआ, जब नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू ने राज्यसभा में लिखित जवाब में बताया कि जीपीएस स्पूफिंग की घटनाएं कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई हवाई अड्डों पर दर्ज की गई हैं। कई मामलों में पायलटों को आपातकालीन प्रक्रियाओं का उपयोग करना पड़ा। कोलकाता में, ये हमले तीन मार्गों पर हुए—यांगून–कोलकाता, ढाका–कोलकाता और मुंबई–कोलकाता। पहले दो मार्गों पर समस्या आमतौर पर सीमा के पास उत्पन्न हुई, जब उड़ानें यांगून या ढाका ATC से कोलकाता ATC पर स्विच होती हैं। पायलटों का कहना है कि अब उन्हें लगातार सतर्क रहना पड़ता है ताकि फ्लाइट मैनेजमेंट कंप्यूटर द्वारा निर्धारित मार्ग गलत जानकारी के कारण बदल न जाए।
वरिष्ठ पायलट ने यह कहा
एक अनुभवी पायलट, जिसने पिछले दो महीनों में कई बार इन हमलों का सामना किया है, ने कहा : “GNSS इंटरफेरेंस आमतौर पर कृत्रिम रूप से उत्पन्न किए गए ऐसे सिग्नलों के कारण होती है, जो वास्तविक सिग्नलों से अधिक शक्तिशाली होते हैं और विमान की पोजिशनिंग, नैविगेशन और टाइमिंग जानकारी में त्रुटि या पूरी तरह हानि पैदा कर देते हैं। नकली GNSS या GPS सिग्नल भी भेजे जाते हैं ताकि रिसीवर गलत स्थान या समय की गणना करे।” कोलकाता ATC के कंट्रोलर अब निर्धारित उड़ान मार्गों पर बाज जैसी नजर रखते हैं और स्पूफिंग से होने वाले किसी भी विचलन पर विशेष ध्यान देते हैं।
जब ऐसा विचलन होता है तो यह करते हैं अधिकारी
“जब ऐसा विचलन होता है, हम तुरंत विमान से संपर्क करते हैं और सही निर्देशांक देते हैं। चूंकि कोलकाता, जमशेदपुर, कटिहार और पटना में VHF ओमनिडायरेक्टशनल रेंज (VOR) भी मौजूद है जो एक रेडियो नैविगेशन सिस्टम है ,, उससे हम भटके हुए विमानों को रडार से उनकी स्थिति बताते हैं और बताते हैं कि उन्हें किस मार्ग पर जाना है ताकि वे VOR सिग्नल प्राप्त कर सकें।”