भाजपा की बढ़त के बीच अभिषेक के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़

दक्षिण 24 परगना के कई इलाकों में तनाव आमतला और कैनिंग में हमले के आरोप भांगड़ में हिंसा पर तृणमूल का ISF-भाजपा पर निशाना
अभिषेक के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद की तस्वीर
अभिषेक के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद की तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलते ही दक्षिण 24 परगना जिले के विभिन्न इलाकों में तनाव फैल गया। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल होने के आरोप सामने आए हैं। इसी क्रम में तृणमूल के महासचिव अभिषेक बनर्जी के आमतला स्थित पार्टी कार्यालय में कथित रूप से भाजपा समर्थकों द्वारा व्यापक तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में बवाल मच गया। इस घटना का वीडियो भी पार्टी की ओर से जारी किया गया है। इसके अलावा, कैनिंग पश्चिम से परेशराम दास के पार्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। परेशराम दास ने कहा कि इस तरह की घटनाएं ठीक नहीं हैं। वहीं, भांगड़ क्षेत्र में भी तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। इसको लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आईएसएफ और भाजपा पर आरोप लगाए हैं। इस हिंसा में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भांगड़ में विजयी आईएसएफ के नेता और कार्यकर्ताओं ने रातभर कई इलाकों में तांडव मचाया। चुनाव बाद की हिंसा के तहत निमकुड़िया गांव और बेओता इलाके में तृणमूल नेताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई। इन घटनाओं के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया गया है। तृणमूल समर्थक फिरोज मोल्ला ने आरोप लगाया कि आईएसएफ की जीत के बाद तृणमूल से जुड़े होने के कारण बूथ अध्यक्ष के नेतृत्व में करीब 50 लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया। दूसरी ओर, भांगड़ के बेओता-1 ग्राम पंचायत प्रधान के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और घर में तोड़फोड़ करने का आरोप भी सामने आया है। हालांकि, इन सभी आरोपों पर अब तक भाजपा और आईएसएफ की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in