‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 3 करोड़ से अधिक की ठगी, एक गिरफ्तार

साइबर क्राइम थाना ने ओडिशा के कटक से पकड़ा अभियुक्त को
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : सीबीआई अधिकारी बनकर एक दंपति को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। लालबाजार स्थित साइबर थाना पुलिस ने अबीर शेख नामक व्यक्ति को इस मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित पहले ईको पार्क थाना के एक अन्य मामले में दमदम सेंट्रल जेल में बंद था। वहां से उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए इस मामले में लाकर गुरुवार को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। जांच में सामने आया है कि पिछले वर्ष एक दंपति को फोन कर बताया गया था कि उनके नाम से एक पार्सल आया है, जिसके अंदर मादक पदार्थ पाए गए हैं। इसके बाद ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर दंपति को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और मामले से बचाने के नाम पर उन्हें झांसे में लेकर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। इस तरह आरोपितों ने डर दिखाकर 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की।

मामले की जांच के दौरान लालबाजार साइबर थाना पुलिस ने पहले ओडिशा के कटक से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उनमें से एक के बैंक खाते में लगभग 3 करोड़ रुपये और दूसरे के खाते में 26 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। दोनों से पूछताछ के दौरान ही पुलिस को अबीर शेख के बारे में जानकारी मिली। सूत्रों के मुताबिक, अबीर शेख अम्हर्स्ट स्ट्रीट इलाके में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। आरोप है कि वह सिम बॉक्स का इस्तेमाल कर अवैध रूप से फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाता था और वहीं से विभिन्न स्थानों पर कॉल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई सिम बॉक्स और बड़ी संख्या में सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस ने अदालत से आरोपित की पुलिस हिरासत की मांग की थी। अदालत ने आरोपित को 19 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in