रंगीन जूते की सफेद सोल से खुला वैन चोरी का राज

चेतला इलाके की घटना, निगम कर्मी गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में कोलकाता नगर निगम की कचरा ढोने वाली वैन चोरी की घटनाओं का खुलासा चौंकाने वाले तरीके से हुआ। आरोपित की पहचान उसके रंगीन जूते की सफेद सोल से हुई। चेतला थाने की पुलिस ने निगमकर्मी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शहर के विभिन्न इलाकों से नगर निगम की कचरा वैन चोरी हो रही थीं। हाल ही में दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके में हुई एक चोरी के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी हरे रंग की हुडी जैकेट, काली पैंट और रंगीन जूते पहने नजर आया, जिसकी सफेद सोल अंधेरे में भी साफ दिख रही थी। यही सुराग पुलिस के लिए अहम साबित हुआ। जांच में सामने आया कि कुंदन दिन के समय अलग-अलग इलाकों में घूमकर रेकी करता था और देखता था कि कहां से वैन चोरी की जा सकती है। इसके बाद रात के अंधेरे में वह मल्लिकबाजार से पैदल संबंधित इलाके में पहुंचता, वैन चोरी कर उसे चलाकर वापस मल्लिकबाजार ले आता। वहां वैन को काटकर उसके हिस्सों को लोहे के दाम पर बेच देता था। हाल ही में चेतला से एक वैन चोरी करने के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान दिन में रेकी करने पहुंचे कुंदन को पुलिस ने उसके जूते की सफेद सोल और हुडी के आधार पर पहचान लिया। खुद को घिरता देख वह पहले एक सार्वजनिक शौचालय के पीछे छिपने की कोशिश करने लगा, लेकिन पकड़े जाने पर भागने लगा। हालांकि वह पुलिस से ज्यादा देर तक बच नहीं सका और गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि इस चोरी गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in