

कोलकाता : न्यू मार्केट इलाके में एक आभूषण की दुकान से धोखाधड़ी कर सोने के गहने खरीदने के प्रयास में पुलिस ने एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान राजकुमार महतो के रूप में हुई है। सोमवार को बैंकशाल अदालत में पेश किए जाने पर न्यायाधीश ने उसे 5 मई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
1.80 लाख की खरीददारी और फिर खुला राज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को राजकुमार महतो एक महिला के साथ न्यू मार्केट थाना क्षेत्र की एक नामी सोने की दुकान पर पहुंचा। वहां उसने लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये के गहने पसंद किये। भुगतान के लिए उसने एक डेबिट कार्ड स्वाइप करने के लिए दिया, लेकिन तकनीकी कारणों से ट्रांजेक्शन सफल नहीं हो पाया। कार्ड काम नहीं करने पर दुकानदार और कर्मचारियों को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि उस डेबिट कार्ड का संबंधित मोबाइल नंबर से कोई जुड़ाव नहीं था। खुद को घिरता देख राजकुमार की महिला साथी मौका पाकर मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड लेकर दुकान से चंपत हो गई। हालांकि, सतर्क कर्मचारियों ने राजकुमार महतो को भागने नहीं दिया और उसे पकड़कर न्यू मार्केट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब फरार महिला की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह डेबिट कार्ड किसका था और इनके पास कैसे आया। पुलिस को अंदेशा है कि यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं जो चोरी के कार्ड्स से खरीददारी करते हैं।