बंगाल में परिवर्तन की आंधी चल रही है : मोदी

काकद्वीप की चुनावी सभा में  समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी
काकद्वीप की चुनावी सभा में समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को काकद्वीप में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की आंधी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की महिलाएं और युवा तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुखर हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आगामी परिणाम केवल सत्ता परिवर्तन ही नहीं, बल्कि व्यापक बदलाव का संकेत देंगे। उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सभा में उमड़ी भीड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन तृणमूल की नींद उड़ाने के लिए पर्याप्त है। उन्हाेंने कहा कि बंगाल में भाजपा का सीएम बनने के बाद दिन रात विकास होगा। इस मौके पर भाजपा नेता अशोक पुरकाइत, नवेंदु सुंदर नस्कर, बिप्लब देब और राहुल सिन्हा व अन्य मौजूद थे।

तृणमूल सरकार पर साधा निशाना :

प्रधानमंत्री ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि 15 वर्षों के शासन में सरकार ने जनता के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता पहले तीन दशकों तक वामपंथी शासन से त्रस्त रही और इसके बाद तृणमूल को अवसर दिया, लेकिन अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने तृणमूल पर झूठे वादे करने, भ्रष्टाचार और योजनाओं को अधूरा छोड़ने के आरोप लगाए। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं में बाधा डालने और धन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

स्थानीय समस्याओं का उठाया मुद्दा :

प्रधानमंत्री ने मथुरापुर क्षेत्र में नदी तटबंधों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए और राजनीतिक हिंसा एवं मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोप लगाए।

विकास के वादे

उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर मथुरापुर क्षेत्र में मंदिरबाजार के दक्षिण विष्णुपुर में भांगा मेला को डिजिटल सुविधाओं से लैस किया जाएगा तथा संगठित बाजार और हब विकसित किए जाएंगे।

मछुआरों के लिए योजनाएं

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मत्स्य पालन क्षेत्र को बढ़ावा दिया गया है और राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर मछुआरों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। काकद्वीप में मछुआरों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे वे अपने उत्पादों को विदेशों तक भेजकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। सभा के अंत में उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in