किराना दुकान में आग लगने से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज

सांकेतिक आग की तस्वीर
सांकेतिक आग की तस्वीर
Published on

हुगली : हरिपाल थाना क्षेत्र के नालिकुल बाजार में भाजपा समर्थक व्यवसायी श्रवण कुमार महतो की किराना दुकान में आग लगने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। भाजपा समर्थकों ने आरोप लगाया है कि हफ्ता नहीं देने पर तृणमूल समर्थित बदमाशों ने दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हरिपाल थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस और दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में लगभग दस लाख रुपये का सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर राख हो गया। व्यवसायी का आरोप है कि रविवार दोपहर कुछ लोग बाजार में दुकानदारों से हफ्ता वसूलने पहुंचे थे। उन्होंने और अन्य व्यापारियों ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब तृणमूल की कथित वसूली व्यवस्था नहीं चलेगी। आरोप है कि इसी विरोध के कारण देर रात उनकी दुकान को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बंद शटर के भीतर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in