

जल्द ही नयी औद्योगिक नीति तैयार करेगी सरकार
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जापान की प्रमुख औद्योगिक कंपनी मित्सुबिशी ग्रुप ने पश्चिम बंगाल में सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई स्थापित करने में रुचि दिखाई है। कंपनी की सहयोगी मित्सुबिशी केमिकल ग्रुप के प्रतिनिधि तेरुओ फुजिता और टोमोफुमी कोयामा ने इस परियोजना को लेकर राज्य के उद्योग मंत्री तापस राय और वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता से मुलाकात की। उद्योग मंत्री तापस राय ने यह जानकारी एक कार्यक्रम में दी। मंत्री ने बताया कि मित्सुबिशी के प्रतिनिधि इस महीने के चौथे सप्ताह में एक बार फिर पश्चिम बंगाल आएंगे और परियोजना पर विस्तृत चर्चा करेंगे। वरि उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कंपनी को दुर्गापुर और पानागढ़ में भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है। मंत्री के अनुसार, इस परियोजना के लिए अधिक भूमि की आवश्यकता नहीं होगी और सरकार इसकी व्यवस्था करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता देगी।
उद्योग मंत्री ने दावा किया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कोई स्पष्ट औद्योगिक नीति नहीं थी, इसलिए नई सरकार को नए सिरे से औद्योगिक ढांचा तैयार करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही नई औद्योगिक नीति का मसौदा जारी किया जाएगा, जिसके बाद अगले तीन महीनों के भीतर स्टार्टअप नीति भी लागू की जाएगी। औद्योगिक प्रोत्साहन और वित्तीय रियायतों के संबंध में मंत्री ने कहा कि सरकार नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति और बिजली नीति तैयार कर रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती सरकार के समय वर्ष 2025 में औद्योगिक प्रोत्साहन नीति समाप्त कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2031 तक पश्चिम बंगाल को देश का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है। इसके लिए बड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ-साथ औद्योगिक कॉरिडोर, खनन, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक पार्कों जैसे बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अनुमति-आधारित व्यवस्था से आगे बढ़कर उद्योगों के लिए सुविधा-आधारित प्रशासन विकसित करेगी। राय ने यह उम्मीद भी जताई कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के लिए विशेष वित्तीय पैकेज की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में नई दिल्ली यात्रा के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों से बंगाल के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अपनी अगली दिल्ली यात्रा के दौरान वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय के समक्ष कोलकाता से यूरोप और अमेरिका के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव रखेंगे।
डानकुनी में लक्स ग्रुप लगाएगा दूसरी निटवियर यूनिट
उद्योगपति अशोक तोदी के नेतृत्व वाला लक्स ग्रुप डानकुनी में निटवियर उत्पादों के निर्माण के लिए अपनी दूसरी विनिर्माण इकाई स्थापित करेगा। समूह की एक इकाई पहले से ही वहां संचालित हो रही है। नई फैक्टरी का उद्घाटन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी करेंगे।