लेकटाउन मोड़ पर हवा में झूल रही लियोनेल मेस्सी की प्रतिमा

पीडब्ल्यूडी विभाग ने शुरू की हटाने की तैयारी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : लेकटाउन के वीआईपी रोड पर लेकटाउन क्लॉक टॉवर मोड़ के पास स्थापित विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की प्रतिमा के अचानक हवा में झूलने से हड़कंप मच गया है। व्यस्ततम सड़क के किनारे लगी इस भारी-भरकम प्रतिमा के कभी भी गिरने और किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए लेकटाउन थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन इसे मौके से हटाने पर विचार कर रहा है।

क्या है पूरा मामला

सोमवार को वीआईपी रोड से गुजरने वाले स्थानीय लोगों ने मेस्सी की प्रतिमा को हवा के झोंकों के साथ खतरनाक तरीके से झूलते हुए देखा। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और लेकटाउन थाने में शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के लिहाज से प्रतिमा के आस-पास के हिस्से को एहतियातन कवर किया गया है। खतरे की घंटी बजते ही लेकटाउन थाना पुलिस ने मामले की आपातकालीन जानकारी विधाननगर के एसडीओ, विधाननगर पुलिस कमिश्नर, विधाननगर नगर निगम के सीईओ, उत्तर 24 परगना के जिलाधिकारी (डीएम) और दक्षिण दमदम नगरपालिका के सीईओ को दी।

प्रशासनिक निर्देश मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों की एक उच्च स्तरीय टीम को तुरंत निरीक्षण के लिए घटनास्थल पर भेजा गया। पीडब्ल्यूडी की तकनीकी टीम इस बात की गहन जांच कर रही है कि आखिर इतने कम समय में प्रतिमा का बेस या ढांचा कमजोर क्यों हो गया और यह हवा में क्यों झूल रही है। इंजीनियरों का कहना है कि यदि इसकी मरम्मत मौके पर संभव नहीं हुई और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा बना रहा, तो मेस्सी की इस भव्य प्रतिमा को यहां से अस्थाई रूप से हटा दिया जाएगा।

फुटबॉलर मेस्सी ने खुद किया था अनावरण

गौरतलब है कि बीते वर्ष 13 दिसंबर 2025 को लेकटाउन मोड़ पर इस लियोनेल मेस्सी की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया था। इस स्टैच्यू का उद्घाटन खुद दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी ने रिमोट कंट्रोल के जरिए किया था, जो खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र रही है। लेकिन अब इसके कमजोर ढांचे ने प्रशासनिक मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in