

कोलकाता : नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 9 लाख 36 हजार रुपये की ठगी का मामला सरसुना इलाके में सामने आया है। इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने सरसुना थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपित ने सब-इंस्पेक्टर पद पर नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर यह रकम ठगी है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, सरसुना इलाके की एक गृहिणी ड्राइविंग सीखने के लिए एक मोटर ट्रेनिंग स्कूल गई थीं। वहीं उसकी मुलाकात प्रशिक्षक विश्वनाथ साहा से हुई। पीड़िता का आरोप है कि बातचीत के दौरान विश्वनाथ साहा ने दावा किया कि उन्होंने कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाई है। इसके बाद गृहिणी ने अपने बेरोजगार बेटे के लिए नौकरी दिलाने की बात कही।
आरोप है कि इसके बाद प्रशिक्षक उन्हें न्यू अलीपुर के एस.एन. राय रोड पर ले गया, जहां उनकी मुलाकात सौमेन साहा राय नामक एक व्यक्ति से कराई गई। पहले कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब 6 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद आरोपितों ने कहा कि कांस्टेबल की सैलरी कम है और वे सब-इंस्पेक्टर पद पर नौकरी दिला सकते हैं, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त 3 लाख रुपये देने होंगे। परिवार का दावा है कि यह रकम भी नकद दी गई। परिवार के अनुसार, बेटे की नौकरी की उम्मीद में गृहिणी ने अपनी जमीन और ससुराल की संपत्ति बेचकर यह रकम जुटाई। आरोप है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र दिलाने के नाम पर आरोपितों ने अतिरिक्त 36 हजार रुपये भी लिए। हालांकि काफी समय बीत जाने के बावजूद नौकरी नहीं मिली। जब परिवार ने पैसे वापस मांगे तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद रविवार को पीड़ित परिवार ने सरसुना थाने में एफआईआर दर्ज कराई और साथ ही डीसी कार्यालय में भी लिखित शिकायत दी।