

कोलकाता : नारकेलडांगा थाना क्षेत्र के मियाबागान बस्ती इलाके में राजनीतिक रंजिश के चलते एक युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पवन राय (28) ने तृणमूल के 8-10 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मारपीट और हमले की शिकायत दर्ज कराई है।
रेल क्वार्टर के निवासी पवन राय ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना 30 अप्रैल की शाम की है। शाम करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच जब पवन अपनी भाभी से मिलने मियाबागान बस्ती गया था, तब वहां मौजूद कुछ महिला तृणमूल समर्थकों ने उसे रोका और उसके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। उस समय पवन वापस अपने घर लौट आया। रात करीब 11:30 बजे पवन अपने दोस्त अभिषेक प्रसाद के साथ दोबारा उसी इलाके में पहुंचा। आरोप है कि इस बार 8-10 अज्ञात महिला और पुरुष समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने पवन और अभिषेक को गलत तरीके से रोका और उन पर लात-घूंसों व लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवकों को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर नारकेलडांगा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उन अज्ञात समर्थकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है जिन्होंने कानून हाथ में लेकर मारपीट की। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।