शाखावत स्ट्रांग रूम में 4 घंटे डटी रहीं ममता

बोलीं, वोट लूट की कोशिश हुई तो जान देकर लड़ूंगी
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : कोलकाता में स्ट्रांग रूम को लेकर सियासी तनाव चरम पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार रात शाखावात मेमोरियल स्कूल के स्ट्रांग रूम में करीब चार घंटे तक मौजूद रहीं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

रात 8 बजे से 12:15 बजे तक वहां रुकने के बाद बाहर निकलकर ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ईवीएम और पोस्टल बैलेट में गड़बड़ी की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग, केंद्रीय बलों और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो वे “वोट लूट की कोशिश के खिलाफ जान देकर लड़ेंगी”।

ममता ने तृणमूल उम्मीदवारों को पूरी रात निगरानी रखने के निर्देश दिए और स्ट्रांग रूम के बाहर अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने की मांग की। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें शुरुआत में अंदर जाने से रोका गया था, बाद में उम्मीदवार होने के नाते अनुमति मिली। इसी दौरान बाहर तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा। तृणमूल कांग्रेस ने खुदीराम अनुशीलन केंद्र के स्ट्रांग रूम में “संदिग्ध गतिविधियों” का आरोप लगाया है, जबकि प्रशासन ने कहा कि सभी दलों को पहले ही सूचना दी गई थी और प्रक्रिया नियमों के अनुसार हो रही है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है और चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in