लंदन महोत्सव 2026 का ऐलान, यूके में गूंजेगी बंगाल की संस्कृति और संगीत

लंदन महोत्सव 2026 का ऐलान, यूके में गूंजेगी बंगाल की संस्कृति और संगीत
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता में आयोजित एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘लंदन महोत्सव 2026’ की आधिकारिक घोषणा की गई। यह यूके का सबसे बड़ा भारतीय-बांग्ला सांस्कृतिक कार्निवल माना जाता है, जिसका तीसरा संस्करण 27 और 28 जून 2026 को लंदन के वेम्बली स्थित सत्ताविस पाटीदार हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रेंट के मेयर और भारत-यूके के कई गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में किया जाएगा।

सीसीसी कम्युनिकेशन यूके द्वारा आयोजित इस महोत्सव में संगीत, साहित्य, थिएटर, फैशन, व्यापार, कला और बंगाली खानपान का भव्य संगम देखने को मिलेगा। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में करीब 3500 दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है।

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बंगाल के प्रसिद्ध कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां होंगी। श्राबणी सेन, रूपंकर बागची, पौषाली बनर्जी, भूमि के सौमित्र, कैक्टस के सिधु और तथागत सेनगुप्ता मंच पर प्रस्तुति देंगे। वहीं थिएटर प्रेमियों के लिए “प्रथम पार्थ” नाटक खास आकर्षण रहेगा, जिसमें पहली बार यूके में कौशिक सेन और देबशंकर हलदार एक साथ मंच साझा करेंगे।

खानपान के क्षेत्र में कोलकाता का मशहूर ब्रांड अमीनिया अपने पारंपरिक मटन बिरयानी, चिकन बिरयानी और फिरनी के साथ “फूड उत्सव” प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा प्रसिद्ध शेफ आसमा खान और फूड ब्लॉगर ‘फूडका’ इंद्रजीत लाहिड़ी विशेष फूड टॉक में शामिल होंगे।

खेल प्रेमियों के लिए “बांग्लार डर्बी” नामक विशेष सत्र आयोजित होगा, जिसमें ईस्ट बंगाल और मोहन बागान के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी बंगाल फुटबॉल की स्वर्णिम यादों को साझा करेंगे। इसके अलावा ‘मातृमा’ नामक मदर्स ब्यूटी पेजेंट और फैशन-लाइफस्टाइल प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in