कोलकाता में अतिरिक्त कैमरों की जरूरत : मेयर

कैमरे लगाने के लिए कोलकाता पुलिस को दी जाएगी विधायक फंड से राशि
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर के विभिन्न इलाकों में नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता है। इन कैमरों के माध्यम से अपराध की घटनाओं को रोका जा सकेगा, साथ ही विभिन्न प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने में भी सहायता मिलेगी। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने कोलकाता नगर निगम के मासिक अधिवेशन के दौरान पार्षद रूपक गांगुली के प्रश्न का उत्तर देते हुए यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि शहर के जिन इलाकों में कैमरों की आवश्यकता है, वहां के विधायक (एमएलए) फंड से राशि प्राप्त कर कोलकाता पुलिस को कैमरे लगाने के लिए दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने पहले ही मुख्य सड़कों पर सीसीटीवी कवरेज शुरू कर दिया है, जो यातायात नियंत्रण और दुर्घटना जांच में सहायक साबित हो रहा है। अब इस पहल को और व्यापक बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड के महत्वपूर्ण स्थानों जैसे प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास, पार्कों और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही, पर्यावरणीय निगरानी और आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी सुविधा होगी। प्रत्येक वार्ड में कैमरे लगाने के बाद स्थानीय पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के बीच डेटा-शेयरिंग सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए। इससे कोलकाता को एक स्मार्ट और सुरक्षित शहर के रूप में विकसित किया जा सकेगा। आगे भारत में कोलकाता के एक सुरक्षित शहर होने की बात भी उन्होंने कही। पोस्ट-पोल वायलेंस पर यह कहा: उन्होंने आगे कहा कि चुनाव के बाद हिंसा नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे आम लोगों को काफी परेशानी होती है। बेहला की घटना को लेकर उन्होंने दुख व्यक्त किया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in