KMC का खाद्य सुरक्षा अभियान, 32 नमूनों की जांच

कई खाद्य पदार्थों को नष्ट किया गया
केएमसी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच अभियान चलाते हुए
केएमसी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच अभियान चलाते हुए
Published on: 

कोलकाता : दुर्गापूजा के मद्देनजर कोलकाता नगर निगम (KMC) की खाद्य सुरक्षा टीम ने शनिवार की रात शहर के प्रमुख पूजा क्षेत्रों में विशेष निगरानी-सह-जागरूकता अभियान चलाया। मैडॉक्स स्क्वायर, देशप्रिय पार्क, सुरुचि संघ और जोधपुर पार्क के रेस्तरां तथा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को अभियान के दायरे में लाया गया। इस दौरान मोबाइल फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन की मदद से खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर जांच की गई। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने कुल 14 खाद्य व्यवसाय संचालकों और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं का निरीक्षण किया। इस दौरान 32 नमूने एकत्र किए गए, जिनमें से तीन गैर-अनुपालक पाए गए। इनमें चनाचूर का एक पैकेट, सेव और हल्दी पाउडर शामिल थे। संबंधित खाद्य पदार्थों को नष्ट कर दिया गया। अभियान के दौरान MFSW वाहन ने कुल 29 किलोमीटर की दूरी तय की। खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण के साथ-साथ जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। कुल 14 जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 29 लोगों ने हिस्सा लिया। विक्रेताओं, उपभोक्ताओं और स्थानीय निवासियों के बीच सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकांश पैक्ड खाद्य सामग्री पर FSSAI लोगो, लाइसेंस संख्या और वैध तिथि अंकित मिली। कई खाद्य विक्रेता सिर ढकने, एप्रन और दस्तानों का इस्तेमाल करते पाए गए। हालांकि, कुछ दुकानों में खाद्य पदार्थ खुले रखे जाने तथा कूड़ेदानों पर उचित ढक्कन या लाइनर नहीं होने जैसी कमियां भी सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, भोजन ढककर रखने, रेफ्रिजरेटर में रखे खाद्य पदार्थों पर तिथि टैग लगाने और ढक्कनयुक्त कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए। साथ ही, बर्तनों को बहते पानी में धोने तथा तलने के लिए एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने सुरक्षित खाद्य प्रबंधन और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in