केएमसी के सभी बाजारों में लगेंगे फायर एक्सटिंग्विशर

आग से बचाव की तैयारी तेज
केएमसी के सभी बाजारों में लगेंगे फायर एक्सटिंग्विशर
Published on: 

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर के बाजारों में आग लगने की घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने बड़ा कदम उठाया है। निगम के अधीन आने वाले विभिन्न बाजारों में (फायर एक्सटिंग्विशर) लगाए जाएंगे। इस संबंध में निगम के मार्केट विभाग की ओर से ई-टेंडर हो चुका है। योजना के तहत बाजारों में आग लगने की स्थिति में दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पाने की व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। दमकल पहुंचने से पहले आग पर काबू पाने की कोशिश : निगम सूत्रों के अनुसार, महानगर के कई बाजारों में आग लगने के बाद दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में समय लगता है। इस दौरान आग तेजी से फैलने के कारण दुकानों और बाजार परिसर को भारी नुकसान पहुंचता है। कई मामलों में आग के विकराल रूप लेने तक बड़ी मात्रा में संपत्ति जलकर खाक हो जाती है। ऐसे में बाजारों में प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने की व्यवस्था उपलब्ध कराने से नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके तहत केएमसी के विभिन्न बाजारों में जरूरत के अनुसार अलग-अलग प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर लगाए जाएंगे। कार्य की अनुमानित लागत जीएसटी और सेस सहित 31 लाख 97 हजार 410 रुपये निर्धारित की गई है। 53 बाजारों में लागू होगी योजना : कोलकाता नगर निगम के अधीन महानगर में कुल 53 बाजार हैं। इन बाजारों में फायर अग्निशामक यंत्र लगाने की योजना को बाजार व्यवसायियों की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कई बाजारों से जुड़े व्यापारियों ने निगम की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बाजारों में आग लगने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में मौके पर अग्निशामक यंत्र उपलब्ध रहने से आग को शुरुआती स्तर पर नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। निगम की इस पहल का उद्देश्य बाजारों में आग से सुरक्षा के इंतजामों को मजबूत करना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे आग की घटनाओं में होने वाले संभावित जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in