

कोलकाता : स्पोर्टिज और जय बालाजी ग्रुप (JBG) ने JBG कोलकाता मैराथन के 11वें संस्करण को आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है। 29 नवंबर 2026 को होने वाली इस मैराथन में देश-विदेश से 15 हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। इस बार आयोजन को खास बनाते हुए पहली बार 42.2 किलोमीटर की फुल मैराथन शामिल की गई है। आयोजकों के अनुसार, इसे पूर्वी भारत की एकमात्र ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स ब्रॉन्ज लेबल’ फुल मैराथन का दर्जा मिला है।
छह श्रेणियों में दौड़ेंगे प्रतिभागी
मैराथन में फुल मैराथन (42.2 किमी), हाफ मैराथन (21.1 किमी), 10 किमी, 5 किमी, कॉस्प्ले रन और ‘स्पेशल हीरोज’ कैटेगरी होंगी। आयोजकों का कहना है कि इसका उद्देश्य पेशेवर धावकों के साथ फिटनेस प्रेमियों, आम नागरिकों और पैरा-एथलीटों को भी एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। रेस से पहले शहर में कई प्री-इवेंट गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
खेल और फिल्म जगत की हस्तियां जुड़ीं
इस संस्करण के लिए गुरिंदरवीर सिंह को इवेंट एंबेसडर और मिलिंद सोमन को इवेंट फेस बनाया गया है। पैरालिंपिक, विश्व और एशियाई चैंपियन जैवलिन थ्रोअर पद्मश्री सुमित अंतिल ‘स्पेशल हीरोज’ कैटेगरी के चेहरा होंगे। बॉलीवुड अभिनेत्री, मैराथन रनर और ट्रायथलीट सैयामी खेर स्टार गेस्ट रनर के रूप में शामिल होंगी। दिल्ली और मुंबई मैराथन के विजेता कार्तिक कारकेरा मैराथन कैटेगरी के फेस होंगे, जबकि ट्रायथलीट अंकिता कोंवर 50 से अधिक महिला पेसर्स की मेंटर होंगी। पूर्व ओलंपियन और लंबी कूद की दिग्गज अंजू बॉबी जॉर्ज भी आयोजन का हिस्सा रहेंगी।
खेल हस्तियों की मौजूदगी में लॉन्च
लॉन्च कार्यक्रम में अर्जुन पुरस्कार विजेता सोमा बिस्वास, पद्मश्री ज्योतिर्मयी सिकदर और ब्रिगेडियर जॉयदीप मुखर्जी, उप जीओसी, मुख्यालय बंगाल सब एरिया, भारतीय सेना भी मौजूद रहे। JBG के निदेशक गौरव जाजोदिया ने कहा कि ब्रॉन्ज लेबल मिलने से कोलकाता वैश्विक मैराथन मानचित्र पर मजबूती से उभरा है। उन्होंने 15 हजार से अधिक धावकों के साथ इस आयोजन को बड़ा सामुदायिक उत्सव बनाने की उम्मीद जताई। स्पोर्टिज के CEO एवं संस्थापक तथा रेस डायरेक्टर निशांत माहेश्वरी ने कहा कि रेस संचालन, सटीक टाइमिंग, हाइड्रेशन, मेडिकल सुरक्षा और धावकों की सहायता के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सैयामी खेर ने महिला पेसर्स को सशक्त बनाने और पैरा-एथलीटों को प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की।
‘चोलो दौड़ाई’ बना आधिकारिक एंथम
मैराथन का आधिकारिक एंथम ‘चोलो दौड़ाई’ है, जिसे सूर्य भट्टाचार्जी ने गाया है। इसके बोल और संगीत कौस्तव बनर्जी ने तैयार किए हैं। एंथम के जरिए कोलकाता की संस्कृति, रनिंग कम्युनिटी और फिटनेस के प्रति बढ़ते उत्साह को सामने लाने की कोशिश की गई है। मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की देखरेख में होगा, जबकि रूट को वर्ल्ड एथलेटिक्स और AIMS द्वारा मापा एवं प्रमाणित किया गया है।