विधानसभा में गूंजा तारातला हादसे का मुद्दा

सरकार ने की विपक्ष से सहयोग की अपील
बंगाल विधानसभा
बंगाल विधानसभा
Published on

कोलकाता : बंगाल विधानसभा में बुधवार को कार्यवाही के दूसरे सत्र में तारातला में हुए भीषण हादसे का मुद्दा गूंज उठा। इस दौरान ''विद्रोही'' तृणमूल कांग्रेस के विधायक मोहम्मद अखरुज्जमां और पूर्व मंत्री जावेद खान ने सदन में कई मंत्रियों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या विधानसभा की कार्यवाही चलाने के लिए आवश्यक कोरम मौजूद है और बड़ी संख्या में मंत्रियों की गैरहाजिरी का कारण क्या है।

इस पर राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री तापस राय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि शहर में एक दुखद दुर्घटना हुई है, जिसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर कई मंत्री राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि सदन में पर्याप्त सदस्य मौजूद हैं और कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में कोई बाधा नहीं है।

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने हस्तक्षेप करते हुए बताया कि दुर्घटना स्थल से अब तक लगभग 15 लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि कई अन्य लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका है। उन्होंने इस मानवीय संकट की घड़ी में सभी दलों, विशेषकर विपक्ष से सहयोग की अपील की। हालांकि, सरकार की ओर से सीधे तौर पर ''तारातला'' का नाम नहीं लिया गया, लेकिन सदन में हुई चर्चा और घटनाक्रम से स्पष्ट हो गया कि पूरा मामला तारातला हादसे से जुड़ा था।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in