भारतीय कोस्टगार्ड ने समुद्री सीमा में घुसे बांग्लादेशी 29 मछुआरे को गिरफ्तार किया

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर : गहरे समुद्र में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय समुद्री जलसीमा पार कर भारत में घूसने के आरोप में भारतीय तटरक्षक बल ने 29 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार किया। रविवार की दोपहर में हिरासत में लिए गए बांग्लादेशी मछुआरों को तटरक्षक बल ने फ्रेजरगंज कोस्टल थाने की पुलिस के हवाले कर दिया।भारतीय तटरक्षक बल रविवार तड़के बंगाल की खाड़ी में गश्त लगा रहा था । गश्त के दौरान बल के जवानों की नजर पड़ी कि अंतरराष्ट्रीय जलसीमा पार कर एक बांग्लादेशी ट्रॉलर भारतीय जलसीमा में प्रवेश कर रहा है। तुरंत तटरक्षक बल ने ‘एफबी अमीना गनी’ नामक उस बांग्लादेशी ट्रॉलर को हिरासत में ले लिया। ट्रॉलर में 29 बांग्लादेशी मछुआरे सवार थे। दोपहर में हिरासत में लिए गए उन बांग्लादेशी मछुआरों को फ्रेजरगंज तट पर लाया गया। इसके बाद हिरासत में लिए गए मछुआरों को फ्रेजरगंज तट थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि 29 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पूछताछ जारी है। गिरफ्तार मछुआरों को काकद्वीप एसीजेएम अदालत में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 13 जुलाई को ठीक उलटी घटना हुई थी। बांग्लादेश जलसीमा पार कर मछली पकड़ने के आरोप में बांग्लादेश नौसेना के हाथों हिरासत में लिए गए थे ‘एफबी मंगलचंडी-38’ और ‘एफबी झड़’ नामक दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप के दो ट्रॉलर तथा 34 भारतीय मछुआरे। दोनों ट्रॉलर काकद्वीप से ही गहरे समुद्र में हिल्सा मछली पकड़ने निकले थे। हिरासत में लिए गए मछुआरों को बांग्लादेश नौसेना ने मोंगला पोर्ट थाने की पुलिस के हवाले कर दिया था। 15 जुलाई को गिरफ्तार मछुआरों के खिलाफ बांग्लादेश के उस थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और बागेरहाट अदालत ने गिरफ्तारों को जेल हिरासत का आदेश दिया। तब से ही वे बांग्लादेश की जेल में विचाराधीन कैदी के रूप में हैं। शनिवार को उन विचाराधीन कैदियों में से हिरासत में लिए गए बाबुल दास की मौत हो गई।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in