

इंडिया ग्लोबल ग्रैंड ट्रेड फेयर-2026 का भव्य शुभारंभ
राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भाजपा शासित राज्यों में उद्योग का विकास होता है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर व्यापार और उद्योग को नया आयाम मिलेगा। इसके लिए भाजपा की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर कार्य करेगी। यह बात मंत्री दिलीप घोष ने न्यू टाउन स्थित सिटी स्क्वायर ग्राउंड में भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित इंडिया ग्लोबल ग्रैंड ट्रेड फेयर (आईजीजीटीएफ)-2026 का फीता काटकर उद्घाटन करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि बंगाल को गुजरात के तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ उद्योग एवं व्यापार के अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में उद्योग के क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई है। अब उद्योगों के विकास से देश-विदेश के व्यापारी बंगाल आएंगे। उन्होंने मेले में भाग लेने वाले सभी व्यापारियों को शुभकामनाएं दीं। यह फेयर भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स और सीसीजी मार्केटिंग एंड सर्विसेज के बीच सहयोग समय के साथ एक सफल साझेदारी के रूप में विकसित हुआ है। इस अवसर पर भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नरेश पचीसिया ने कहा कि इस व्यापार मेले में सात देशों और 17 राज्यों की भागीदारी है। मेला 21 जून तक चलेगा। वातानुकूलित मंडप में लगभग 300 स्टॉल लगाए गए हैं। पूर्वी भारत के सबसे महत्वपूर्ण व्यापार एवं उद्योग प्रदर्शनों में से एक इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन का आयोजन भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा सीसीजी मार्केटिंग एंड सर्विसेज के सहयोग से किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में कोलकाता स्थित चीन जनवादी गणराज्य के महावाणिज्यदूत महामहिम शू वेई, नेपाल के महावाणिज्यदूत झक्का प्रसाद आचार्य, रॉयल भूटान वाणिज्य दूतावास के व्यापार कौंसुल नामगे थिनले तथा पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदस्य पीयूष कनोड़िया कार्यक्रम में भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रमेश अग्रवाल, भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के सीओओ अरिंदम चटर्जी, सीसीजी मार्केटिंग एंड सर्विसेज के चेयरमैन एवं सीईओ चंदन चटर्जी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।