प्रतिष्ठित जे. सी. बोस ग्रांट से सम्मानित हुए IIT खड़गपुर के प्रो. सूर्य के. पाल

उत्कृष्ट और निरंतर वैज्ञानिक योगदान के लिए मिला सम्मान
Kharagpur
प्रो. सूर्य के. पाल
Published on

खड़गपुर: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के डीन (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. सूर्य के. पाल को भारत सरकार के अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (ANRF) की ओर से दिए जाने वाले प्रतिष्ठित जे. सी. बोस ग्रांट से सम्मानित किया गया है।

यह अनुदान देश के वरिष्ठ वैज्ञानिकों को उनके उत्कृष्ट और निरंतर वैज्ञानिक योगदान के लिए प्रदान किया जाता है तथा अत्याधुनिक शोध कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है।

प्रो. पाल को रियल-टाइम वेल्ड क्वालिटी कंट्रोल के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित यूनिवर्सल प्लेटफॉर्म विकसित करने की परियोजना के लिए पांच वर्ष का अनुदान मिला है। इस शोध का उद्देश्य जीरो-डिफेक्ट स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना है, जिससे भविष्य की बुद्धिमान विनिर्माण तकनीकों में गुणवत्ता, सटीकता और उत्पादकता को नई दिशा मिलेगी।

एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र के विशेषज्ञ प्रो. पाल, IIT खड़गपुर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी के संस्थापक अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने अब तक 30 से अधिक पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में 230 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं।

उनके शोध कार्यों को 12,000 से अधिक उद्धरण (साइटेशन) प्राप्त हो चुके हैं तथा उनका एच-इंडेक्स 64 है। प्रो. पाल नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग (FNAE) और नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया (NASI) के सदस्य भी हैं। IIT खड़गपुर ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए इसे संस्थान और देश के लिए गौरव का विषय बताया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in