

हुगली : हुगली में चुनावी माहौल के बीच प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से पांच पुलिस ऑब्जर्वर जिले में पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। इन ऑब्जर्वरों ने चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त सुनील यादव और हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुमार शनि राज समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की।बैठक के दौरान ऑब्जर्वरों ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने कमिश्नरेट क्षेत्र के सात थाना इलाकों और ग्रामीण क्षेत्र के सत्रह थानों से संबंधित सुरक्षा, गश्त, नाका चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।इस निरीक्षण टीम में मनीष चौधरी और चंदन झा चंदननगर कमिश्नरेट क्षेत्र के लिए, जबकि अविनाश महंती, आदित्य गोयनका और असीम विक्रांत मिंज हुगली ग्रामीण क्षेत्र के लिए नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय बलों की तैनाती, नियमित गश्त और सख्त निगरानी के जरिए मतदाताओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक के बाद ऑब्जर्वरों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का भी आकलन किया, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।