सुमित राय की पत्नी का मामला रेगुलर बेंच में

हाई कोर्ट का फिलहाल दखल से इनकार
High Court
खाना मांगने पर बेटी की पीट-पीटकर हत्या का मामलासांकेतिक चित्र
Published on: 

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता कोलकाता : सुमित राय की पत्नी सुष्मिता राय की तरफ से  हाई कोर्ट में दायर मामले की सुनवाई रेगुलर बेंच में होगी। सुमित राय ममता तृणमूल कांग्रेस के सांसद व महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक रहे हैं। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने मंगलवार को इसे सुनने से इनकार करते हुए कहा कि रेगुलर बेंच में जाएं। सुष्मिता राय के एडवोकेट ने पैरवी करते हुए कहा कि यह मामला सुमित राय की सुरक्षा को लेकर दायर किया गया है। उनका स्वास्थ्य खराब है और उन्हें एक के बाद एक पुलिस कस्टडी में लिया जा रहा है। आज की तारीख में भी वे एक मामले में पुलिस हिरासत में है। वे इनसोम्निया के मरीज है और इस वजह से उन्हें नींद नहीं आती है। जस्टिस भट्टाचार्य ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि इस मामले की सुनवाई रेगुलर बेंच में ही होगी। डायमंड हार्बर के सरिशा में  तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय से एक करोड़ से कुछ अधिक रकम बरामद की गई थी। यह मामला इसी सिलसिले में दायर किया गया है। पुलिस का दावा है कि सुमित राय से पूछताछ के बाद उनके बयान के आधार पर इस कार्यालय में छापा मारा गया था और यह रकम बरामद की गई थी। सुष्मिता राय की तरफ से  दायर मामले में इसे झूठ बताया गया है। इसमें कहा गया है कि पुलिस सुमित राय को फंसाने की कोशिश कर रही है। इस पिटीशन में दावा किया गया है कि इस रकम की बरामदगी के साथ सुमित राय का कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस सुमित राय  पर इकबालिया बयान देने के लिए दबाव डाल रही है। पुलिस के मन मुताबिक बयान नहीं देने पर एनकाउंटर करने की धमकी भी दी गई है। इस पिटीशन में पुलिस के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया गया है। कोर्ट से अपील की गई है कि इस मामले की जांच या तो सीबीआई को सौंप दी जाए या फिर किसी सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में एक कमेटी गठन कर इसकी जांच कराई जाए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News