गैस सिलेंडर से वेल्डिंग का काम करने के दौरान विस्फोट, एक की मौत

बजबज के इसी गैरेज में वेल्डिंग के दौरान विस्फोट हुई थी
बजबज के इसी गैरेज में वेल्डिंग के दौरान विस्फोट हुई थी
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बजबज : चारों ओर गैस की किल्लत से मध्यमवर्गीय लोग परेशान हैं। इसी बीच गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर एक गैरेज में गाड़ियों की वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। घटना बजबज पालिका के 19 नंबर वार्ड के एक गैरेज में हुई। विस्फोट इतना तेज था कि गैरेज की टिन की छत उड़ गई। घटना में अब तक दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, जिनमें से एक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान शेख फरहान के रूप में हुई है। वह बजबज मीठापुकुर का रहने वाला था। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह अचानक जोरदार धमाके की आवाज से इलाके के लोग चौंक गए। पहले लोगों को लगा कि शायद बम विस्फोट हुआ है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि दो लोग खून से लथपथ हालत में तड़प रहे हैं। गैरेज की छत उड़ चुकी थी। सबसे पहले बजबज थाने को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की मदद से स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गैस सिलेंडर से गाड़ियों की वेल्डिंग का काम किया जा रहा था, उसी दौरान यह विस्फोट हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। महेशतल्ला एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोट कैसे हुआ।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in