

नेत्रहीनों के लिए आयोजित कार्यक्रम में ओसी बड़ाबाजार पपिंदर सिंह रंधावा एवं अन्य
कोलकाता: समाज सेवा एवं मानव कल्याण के उद्देश्य से युवा शक्ति संगम कोलकाता द्वारा बड़ाबाजार के रूपचंद राय स्ट्रीट स्थित हनुमान मंदिर के निकट विशेष जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दृष्टिबाधित एवं नेत्रहीन व्यक्तियों को निःशुल्क राशन एवं नए वस्त्र वितरित किए गए तथा सभी के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। चिकित्सकों द्वारा नेत्रों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा चिकित्सकीय सलाह के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने एवं आवश्यकता होने पर निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था करने की पहल की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बड़ाबाजार थाना के प्रभारी श्री पपिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के कन्वीनर श्री अशोक सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा और सहयोग पहुंचाना है। वहीं, संस्था के अध्यक्ष श्री बिमल सिपानी ने कहा, “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम की सफलता में श्री मुकेश सोनी, श्री बालचंद मूंधड़ा, श्री प्रेमकांत झा, श्री सुशांत स्वर्णकार, श्री अजीत बोथरा एवं श्री लक्ष्मण सिंह का विशेष सहयोग रहा।