

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : 21 और 22 फरवरी को कोलकाता के उत्तम मंच, हाज़रा में स्वरदरबार तथा भारतीय विद्या भवन, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में और फ्रेंड्स एफएम 91.9 के सहयोग से “पंचम स्वरदरबार संगीत सम्मेलन 2026” का आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित समारोह में संगीतप्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
स्वरदरबार की संस्थापक सुस्मिता चक्रवर्ती और किराना घराने के प्रख्यात शास्त्रीय गायक श्री संदीप भट्टाचार्य के प्रयासों से वरिष्ठ एवं नवोदित कलाकारों का सुंदर समागम साकार हुआ।
प्रथम दिवस का आरंभ सुस्मिता चक्रवर्ती के शास्त्रीय गायन से हुआ। सुब्रत डे के सितार वादन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। साबेरी मिश्रा के कथक नृत्य ने अभिव्यक्ति और लय-नियंत्रण के कारण विशेष सराहना प्राप्त की। मिताली भौमिक के हिंदुस्तानी गायन ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।
द्वितीय दिवस पर बाल कलाकार शिंजिनी के भजन और शुभदीप के ख्याल ने नई पीढ़ी की प्रतिभा का परिचय दिया। मयूख दास के संतूर वादन ने आकर्षित किया। इसके पश्चात श्री संदीप भट्टाचार्य ने राग मारु बिहाग में आलाप, विस्तार और सूक्ष्म मींड के माध्यम से किराना घराने की गहराई प्रस्तुत की। होरी ठुमरी और भजन में उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति सराहनीय रही। समापन में उस्ताद आक्रम खान के प्रभावशाली तबला वादन ने समारोह को गरिमामय पूर्णता दी।