

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से फेमिना मिस इंडिया वेस्ट बंगाल 2027 का शुभारंभ किया गया। मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने वर्ल्डवाइड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (टाइम्स ग्रुप) के माध्यम से एनिग्मा को अगले तीन वर्षों के लिए राज्य का एक्सक्लूसिव लाइसेंस पार्टनर नियुक्त किया है। प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।
कोलकाता के होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। मौके पर फेमिना मिस इंडिया 1992 की विजेता कोमल सूद, 2026 की विजेता मोहना पांडे और 2020 की विजेता मौली हलदर मौजूद रहीं।
आयोजकों के अनुसार, दिसंबर 2026 में राज्यभर में ऑडिशन होंगे, जबकि जनवरी 2027 में कोलकाता में ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। विजेता को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन की जिम्मेदारी एरीज इवेंट्स संभाल रहा है, जिसकी स्थापना कृतिका पोद्दार और आनंदिता अग्रवाल ने की है। एनिग्मा की निदेशक नीरजप्रिया दास ने राज्य की प्रतिभाओं को मंच देने की प्रतिबद्धता जताई। प्रतियोगिता से काइरा ज्वेल्ज, ठाकुरायिन और भवानीपुर स्कूल ऑफ इवेंट मैनेजमेंट भी साझेदार के रूप में जुड़े हैं।