

कोलकाता : काली पूजा के मूर्ति विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर एक परिवार के साथ मारपीट की गयी। घटना टॉलीगंज थानांतर्गत टॉलीगंज रोड इलाके की है। आरोप है कि पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर एक परिवार को पीटा गया और परेशान किया गया। यह भी आरोप लगाया गया है कि 'प्रतिवादी' परिवार की महिला सदस्यों से छेड़छाड़ की गई। पुलिस शुक्रवार रात की घटना में दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अभियुक्तों के नाम रंजित अग्रवाल और मोहित अग्रवाल हैं। दोनों को शनिवार को अदालत में पेश करने पर उन्हें 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता के अनुसार शुक्रवार की रात घटना के समय उसके चाचा की चार साल की बेटी घर पर थी। उसे हार्ट से जुड़ी बीमारी है। शोभायात्रा के दौरान कई स्थानीय निवासी पटाखे फोड़ रहे थे। टॉलीगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में 'प्रभावित' परिवार के एक युवक ने दावा किया कि पटाखे फोड़ने से बच्ची डर गयी थी। इसलिए उसने पटाखे फोड़ने का विरोध किया। कथित तौर पर, पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि परिवार के बाकी सदस्यों को भी पीटा गया और परेशान किया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन पर बांस और डंडों से हमला किया गया। शिकायतकर्ता युवक का दावा है कि उस समय उसकी माँ और परिवार की अन्य महिला सदस्य घर पर मौजूद थीं। युवक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ छेड़छाड़ भी की। आरोप है कि घर में घुसकर उनके सामान में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद, 'प्रभावित' परिवार ने टॉलीगंज पुलिस स्टेशन को फोन किया। थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।