

कोलकाता : न्यू टाउन स्थित एक आवासीय परिसर में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने कार चला रही महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में एक वरिष्ठ नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना न्यू टाउन के एक बड़े आवासीय परिसर में उस समय हुई जब 86 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक अपनी नियमित शाम की सैर पर निकले थे। उनके साथ एक परिचारक भी मौजूद था।
इसी दौरान पार्किंग क्षेत्र से तेज गति से निकली एक कार ने उन्हें और आसपास मौजूद अन्य लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों में दो की हालत गंभीर बताई गई, जबकि एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चला रही महिला पास के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकान संचालित करती है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार अचानक पार्किंग क्षेत्र से तेज रफ्तार में बाहर निकली और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारती चली गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।
टेक्नो सिटी थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला चालक को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही के कारण मृत्यु होने सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है तथा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद आवासीय परिसर के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि परिसर के भीतर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कई निवासियों ने स्पीड लिमिट के कड़ाई से पालन, अतिरिक्त स्पीड ब्रेकर और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग भी की है।