

कोलकाता : श्री रामदेव प्रचार समिति की ओर से बड़ाबाजार के सीआईटी पार्क में बाबा रामदेव जी महाराज का 54वां विराट दशमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दशमी के अवसर पर सुबह से ही बाबा के दर्शन और धोक-जात लगाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे परिसर में लंबी कतारें लग गईं।
महोत्सव की शुरुआत मुख्य यजमान संजय मानसिंहका परिवार द्वारा बाबा रामदेव जी एवं अन्य देवी-देवताओं की झांकियों के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। बाबा के श्रीचरणों का अभिषेक, जीवन-गाथा, आरती और भजन कार्यक्रमों में दिनभर भक्तों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में डॉ. सुभाष दुग्गड़, श्याम चांदगोठिया, संजय मानसिंहका, दीपक संघई, संदीप बजाज, अशोक खत्री सहित समिति के पदाधिकारी सक्रिय रहे। राज्य मंत्री उमेश राय, विधायक विजय ओझा और पूर्व उप-मेयर मीना पुरोहित सहित कई गणमान्य लोगों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 108 थाल की सामूहिक महाआरती रही। महोत्सव का समापन 22 सितंबर को शोभायात्रा के साथ होगा।