कोलकाता : आगामी चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने भांगड़ थाना के दौरे के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि बूथ जाम, वोट रिगिंग या कैप्चरिंग की किसी भी शिकायत को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । रविवार को चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य के विभिन्न थानों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे। इसी क्रम में सुबह भांगड़ थाना पहुंचे कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर चुनाव आयोग की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सीपी ने बताया कि शहर और आसपास के इलाकों में नाका चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। केंद्रीय बलों के साथ संयुक्त गश्त भी जारी है और चुनाव से पहले और अधिक केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी। इसके बाद रविवार की शाम कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने हेयर स्ट्रीट थाने का भी दौरा किया। वहां भी अधिकारियों के साथ बैठक की। इधर, प्रेसिडेंसी रेंज के डीआईजी कंकर प्रसाद बारुई ने भी बारुईपुर पुलिस जिला के नरेंद्रपुर, सोनारपुर और बारुईपुर थाने का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। इन क्षेत्रों में ग्रामीण इलाकों के कई मतदान केंद्र होने के कारण सुरक्षा को लेकर विशेष रणनीति बनाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हर बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। डीआईजी प्रेसिडेंसी रेंज ने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद से तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। साथ ही मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी से लेकर होमगार्ड तक सभी को पूरी तरह तैयार रहना होगा।