ईमेल के एक 'अक्षर' ने फेरा करोड़ों पर पानी, नामी कंपनी से 10.45 करोड़ की ठगी

शेक्सपियर सरणी थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : साइबर अपराधियों ने ईमेल स्पूफिंग के एक बेहद शातिर तरीके का इस्तेमाल कर कोलकाता की मशहूर कंपनी को 10.45 करोड़ रुपये (11 लाख अमेरिकी डॉलर) का चूना लगा दिया। इस हाई-प्रोफाइल ठगी को अंजाम देने के लिए जालसाजों ने मूल ईमेल आईडी के एक अक्षर में हेरफेर कर फर्जी ईमेल तैयार किया था। शेक्सपियर सरणी थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे बुना गया ठगी का जाल?

कंपनी ने अपने कार्गो (माल) के परिवहन के लिए 'बर्टलिंग बल्क सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' नामक कंपनी से संपर्क किया था। 28 अप्रैल को कंपनी को बर्टलिंग के अधिकृत प्रतिनिधि की असली ईमेल आईडी से एक इनवॉइस प्राप्त हुआ। इसमें भुगतान सिंगापुर के एक बैंक खाते में करने का निर्देश था। 30 अप्रैल से खेल यहीं से शुरू हुआ। अपराधियों ने असली आईडी से मिलती-जुलती एक फर्जी ईमेल आईडी बनाई। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसमें 'bertling' की जगह 'bertilng' (i और l की अदला-बदली) कर दिया गया था। धोखा से इस फर्जी ईमेल से एक नया इनवॉइस भेजा गया, जिसमें भुगतान का पता बदलकर दुबई के अजमान बैंक का खाता दे दिया गया। कंपनी के अधिकारियों ने इसे असली ईमेल समझा और 10.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिये।

आधी रात को हुआ खुलासा

धोखाधड़ी का पता 1 मई को तड़के करीब 2:30 बजे चला, जब शिप ब्रोकर्स के साथ भुगतान की पुष्टि की गई। जैसे ही यह स्पष्ट हुआ कि पैसा गलत खाते में गया है, कंपनी में हड़कंप मच गया। कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर (शिपिंग एवं लॉजिस्टिक्स) प्रसेनजीत बक्शी ने तत्काल शेक्सपियर सरणी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई और धाराएं

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 316(2), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in