बड़ा बाजार में CWBTA की अनूठी पहल

'स्वच्छता से स्वागत' अभियान का आगाज : KMC आयुक्त स्मिता पांडेय और मीना पुरोहित ने बांटा डस्टबिन
बड़ा बाजार में CWBTA की अनूठी पहल
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के प्रमुख व्यापारिक संगठन 'कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस' (CWBTA) की ओर से आज एशिया की सबसे बड़ी व्यापारिक मंडियों में शुमार बड़ा बाजार क्षेत्र में एक विशाल 'जन जागरूकता अभियान एवं डस्टबिन (कचरा पात्र) वितरण कार्यक्रम' का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। "स्वच्छता से स्वागत" शीर्षक के तहत आयोजित इस विशेष मुहिम का मुख्य उद्देश्य इस ऐतिहासिक और व्यस्ततम व्यावसायिक केंद्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद वातावरण प्रदान करना है।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोलकाता नगर निगम (KMC) की माननीय आयुक्त एवं प्रशासक श्रीमती स्मिता पांडेय (IAS) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पार्षदा श्रीमती मीना पुरोहित विशेष रूप से उपस्थित रहीं। नारा दिया : "स्वच्छ बड़ा बाजार - स्वस्थ व्यापार, बेहतर कारोबार"

कार्यक्रम के दौरान CWBTA के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं व्यवसायियों के बीच डस्टबिन का नि:शुल्क वितरण किया और उन्हें अपने-अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

केएमसी आयुक्त स्मिता पांडेय (IAS) का संबोधन :

समारोह को संबोधित करते हुए कोलकाता नगर निगम की आयुक्त एवं प्रशासक श्रीमती स्मिता पांडेय (IAS) ने CWBTA की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा:

"बड़ा बाजार केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि संपूर्ण पूर्वी भारत का आर्थिक हृदयस्थल है। प्रतिदिन यहाँ लाखों की संख्या में व्यापारी, मजदूर और खरीदार आते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती के साथ-साथ अत्यंत आवश्यक भी है। कोलकाता नगर निगम स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन जनता और व्यापारिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी के बिना शत-प्रतिशत सफलता संभव नहीं है। CWBTA का यह 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान एक अनुकरणीय कदम है।"

मीना पुरोहित का वक्तव्य :

कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती मीना पुरोहित ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता हमारी व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा:

"व्यापारियों को स्वयं आगे आकर कचरा सड़कों या नालियों में फेंकने के बजाय डस्टबिन का प्रयोग करना होगा। जब बड़ा बाजार स्वच्छ और सुंदर रहेगा, तो यहाँ आने वाले ग्राहकों का अनुभव बेहतर होगा और इससे व्यापार में वृद्धि होगी। स्थानीय प्रतिनिधि होने के नाते मैं इस अभियान में निगम और व्यापारिक समाज के साथ हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर हूँ।"

कार्यक्रम के दौरान CWBTA के अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने कहा, "बड़ा बाजार केवल एक व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि संपूर्ण पूर्वी भारत की आर्थिक पहचान है। व्यापारी समाज हमेशा से अर्थव्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को निभाने में भी आगे रहा है। 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान का मुख्य उद्देश्य हमारे इस ऐतिहासिक बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप प्रदान करना है। जब बड़ा बाजार स्वच्छ रहेगा, तो यहाँ आने वाले लाखों खरीदारों का अनुभव बेहतर होगा, जिससे व्यापार में भी सीधी बढ़ोतरी होगी। CWBTA इस क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।"

अभियान के 5 मुख्य प्राथमिकता वाले बिंदु:

CWBTA के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे बड़ा बाजार के सभी प्रमुख गलियारों में निरंतर चलाया जाएगा। इसके 5 मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

बाजार क्षेत्रों की गहरी सफाई: तंग गलियों और प्रमुख सड़कों की नियमित एवं गहन सफाई।

कचरा हटाना एवं उचित निपटान: सूखे और गीले कचरे का सही पृथक्कीकरण एवं त्वरित उठाव।

नालियों की सफाई एवं जल निकासी प्रबंधन: मानसून व सामान्य दिनों में जलभराव रोकने हेतु नालियों की सफाई।

स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन: बीमारियों एवं संक्रमण से बचाव के लिए नियमित सैनिटाइजेशन।

जन जागरूकता एवं सामुदायिक भागीदारी: व्यापारियों, ठेले-रेहड़ी वालों तथा आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना।

भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संकल्प:

कार्यक्रम के समापन पर CWBTA के प्रतिनिधियों ने सभी उपस्थित अतिथियों व व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए संदेश दिया कि "भावी पीढ़ी के लिए और एक बेहतर कल के लिए हम सब मिलकर बदलाव लाएंगे।"

इस गरिमामयी आयोजन का सफल संयोजन CWBTA के अध्यक्ष सुशील पोद्दार, उपाध्यक्ष द्वय प्रदीप लुहारीवाला व सी. के. वरदराजन, सचिव जे. एल. बरडिया एवं सीईओ करिश्मा खन्ना की देखरेख में हुआ।

कार्यक्रम में व्यापारिक जगत तथा CETA के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, विशेष सदस्यों व अतिथियों में मनमोहन भटार, सुरेंद्र डूगर, संजय सोन्थालिया, अरविंद पांडेय, मदन मोहन जी (CETA), प्रकाश जी (CETA), राजेश लुहारीवाला, नवनीत दुजारी, कमल चांदगोठिया, पंकज घोष, राजेश सोनी, श्रावण सोनी , एस. के. चौरड़िया, शशि शाह, चंद्रेश मेघानी, संजीव मेहरोत्रा, अभिषेक अग्रवाल, विवेक ड्रोलिया, निर्मल सराफ, प्रदीप खेतान तथा पोस्ता बाजार मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय व्यापारी व नागरिक उपस्थित थे। सभी ने भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण निर्मित करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in