मतदान खत्म होते ही भाजपा और तृणमूल समर्थकों में झड़प

पर्णश्री इलाके की घटना, पूर्व पार्षद समेत कई घायल
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : राज्य में मतदान प्रक्रिया संपन्न होते ही महानगर के बेहला इलाके में चुनावी हिंसा भड़क उठी। आरोप है कि बुधवार रात करीब 8 बजे बेहला निवासी प्रसेनजीत ब्रह्म के घर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया। इस घटना में प्रसेनजीत और उनके भाई अभिजीत ब्रह्म गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बीजेपी का सदस्य बताया जा रहा है।

भाजपा समर्थकों का आरोप : घर में घुसकर पीटा

पीड़ित परिवार के अनुसार, रात के समय अचानक 20 से 30 लोगों की भीड़ उनके घर में घुस आई। हमलावरों ने दोनों भाइयों को घेरकर लाठी-डंडों से बेहरमी से पीटा। बीच-बचाव करने आए उनके दोस्तों को भी नहीं बख्शा गया। परिवार का दावा है कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

टीएमसी का पलटवार : 'ईवीएम चोरी करने आये थे बीजेपी कार्यकर्ता'

दूसरी ओर, सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा बीजेपी पर हमले का आरोप लगाया है। इस झड़प में टीएमसी के पूर्व पार्षद अंजन दास भी घायल हुए हैं। बेहला पश्चिम की उम्मीदवार रत्ना चटर्जी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘हमने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की थी और पूरे दिन कहीं कोई अशांति नहीं हुई। लेकिन रात में खबर मिली कि पूर्व पार्षद अंजन दास घायल हो गए हैं। दरअसल, बीजेपी के लोग कल रात ईवीएम चोरी करने की योजना से आए थे। यह हमला उन्होंने ही शुरू किया था।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। मतदान के बाद हुई इस हिंसा से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in