

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कैनिंग : रेलवे पुलिस ने सत्तर वर्षीय मानसिक रूप से असंतुलित वृद्धा से दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक का नाम देवाशीष सरदार है। वह दक्षिण 24 परगना जिला के तालदी का रहने वाला है। घटना रविवार की रात सियालदह दक्षिण शाखा की कैनिंग लाइन पर स्थित तालदी स्टेशन के टिकट काउंटर परिसर में हुई। इस जघन्य घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। यात्री अब रेलवे पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं। जानकारी के अनुसार, वह वृद्धा स्टेशन परिसर में ही रहती थी और अन्य दिनों की तरह रविवार रात भी वहीं सोई हुई थीं। आरोप है कि गहरी रात में देवाशीष ने वृद्धा से दुष्कर्म किया। घटना के बाद वृद्धा को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिसके कारण मामला सार्वजनिक हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित किया। रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वृद्धा को बचाकर कैनिंग अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। रेलवे पुलिस ने आरोपित देवाशीष सरदार को अदालत भेज दिया है।